होम

शॉर्ट्स

देखिये

क्विज

फ़ास्ट न्यूज़


वृक्षारोपण महा अभियान कल , UP में 36.50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य-CM
News Date:- 2024-07-19
वृक्षारोपण महा अभियान कल , UP में 36.50 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य-CM
Peeyush tripathi

लखनऊ,19 Jul 2024

20 जुलाई शनिवार को होने वाले वृक्षारोपण महा अभियान के तहत उत्तर प्रदेश ने इस साल 36 करोड़ पचास लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी देशवासियों से एक पेड़ मां के नाम लगाने की अपील की है। इस संबंध में उत्तर प्रदेश में युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं । स्वयं मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ इस सम्बन्ध में जन प्रतिनिधियों से वर्चुअल माध्यम से संवाद कर चुके हैं । मुख्यमंत्री ने सभी जन प्रतिनिधियों से कहा कि प्रदेश सरकार ने पर्यावरण संरक्षण के कार्यों को शीर्ष प्राथमिकता में लेते हुए विगत 07 वर्षों में 168 करोड़ से अधिक पौधे रोपित करने का कार्य किया है। थर्ड पार्टी ऑडिट में इनमें से 75-80 प्रतिशत पौधों के सुरक्षित होने की पुष्टि हुई है। इस वर्ष की गर्मी और हीटवेव को लम्बे समय तक कोई भूल नहीं पाएगा। भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए 20 जुलाई का अभियान अत्यन्त महत्वपूर्ण है। हमारी धरती माता कंक्रीट के जंगलों से सुरक्षित नहीं रहेंगी, हमें उन्हें उनका मूल स्वरूप देना होगा।

लखनऊ में कुकरैल किनारे व्यवस्थाओं का जायजा लेते अधिकारी

 

सीएम ने कहा कि इस बार प्रदेश सरकार का 36 करोड़ 50 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य है। यह बड़ा लक्ष्य है, इसमें आप सभी की सहभागिता जरूरी है। सभी को प्रयास करना होगा। पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ के संदेश से जन-जन को जोड़ने की आवश्यकता है।

न केवल पेड़ लगाना है, बल्कि उसकी सुरक्षा भी हमारी जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण के लिए सभी विभागों और निकायों को लक्ष्य दिया जा चुका है। पूरे उत्साह और उमंग के साथ वृक्षारोपण करें और वृक्षारोपण को जनान्दोलन बनाएं।

प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को सहजन का पौधा लगाने को दें। सड़कों के किनारे व डिवाइडर पर पौधे लगाए जा सकते हैं। नदियों के किनारे भी उपयुक्त स्थान पर पौधे लगाए जाने चाहिए। हमारी ऋषि परम्परा बताती है कि ‘नास्ति मूलं अनौषधं’ यानी कोई ऐसा मूल नहीं, जिससे कोई औषधि न बने। इसीलिए विविध प्रकार के पौधे लगाएं। कहीं छायादार वृक्ष हों, कहीं फलदार, तो कहीं इमारती लकड़ी वाले, तो कहीं औषधीय पौधे लगाएं।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नदियों के किनारे, अमृत सरोवर के पास वृक्षारोपण किया जाए। वृक्षारोपण नदियों को सदानीरा बनाएगा। पीपल, पाकड़, जामुन, आम, नीम, बरगद, हरसिंगार, मौलश्री, चितवन, अर्जुन आदि के पौधे लगाएं। पाकड़ की तो टहनी भी लग जाती है। इसे निराश्रित गोआश्रय स्थल पर लगाया जा सकता है। पूर्वजों, महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों की स्मृति में वाटिका बनायी जाए।

पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही उसका संरक्षण आवश्यक है। ऐसे में पौधारोपण के साथ ट्री-गार्ड भी लगाएं। यह सुनिश्चित करें कि किस पौधे की देखभाल कौन करेगा-कैसे करेगा। यह हम सभी के भविष्य के लिए है। हम सभी को पूरी गम्भीरता के साथ एकजुट होकर कार्य करना होगा। पौधरोपण करने के बाद सेल्फी लें और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड भी करें।

वॉटर लेवल को ठीक रखने के लिए हमें जल संरक्षण का कार्य करना होगा। हर गांव में खाद का गड्ढा तैयार करने का भी प्रयास किया जाए। सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से हम सभी को परहेज करना होगा। यह सभी के लिए आवश्यक है। हर किसी को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करना होगा।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए बीते 07 वर्षों में हुए प्रयासों का ही परिणाम है कि उत्तर प्रदेश को 200 करोड़ रुपये कार्बन क्रेडिट के रूप में मिलने वाले हैं। इसका लाभ उन 25,000 किसानों को मिलेगा, जिन्होंने इस अभियान में योगदान किया है। बहुत शीघ्र किसानों को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया जाएगा। ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष, नगर निगमों के महापौर अपने सदस्यों/पार्षदों के साथ बैठक कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर लें। कहां पौधारोपण होना है, कौन सा पौधा लगाना है, सब तय कर लें।

लखनऊ में भी कुकरैल नदी के किनारे होने वाले वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के मद्देनजर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवम विभागाध्यक्ष  सुधीर कुमार शर्मा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक कार्ययोजना एवम मूल्यांकन सुनील चौधरी, मंडलायुक्त रोशन जैकब, जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार, उपाध्यक्ष लखनऊ विकास प्राधिकरण प्रथमेश कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया गया

 

Articles