होम

शॉर्ट्स

देखिये

क्विज

फ़ास्ट न्यूज़


SCR में शामिल बाराबंकी का तेजी से होगा विकास,पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा के अनावरण पर बोले मुख्यमंत्री
News Date:- 2024-09-24
SCR में शामिल बाराबंकी का तेजी से होगा विकास,पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा के अनावरण पर बोले मुख्यमंत्री
Peeyush tripathi

बाराबंकी,24 Sep 2024

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इर्द गिर्द बनाए जा रहे स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) में शामिल बाराबंकी का तेजी से विकास होगा। यह जानकारी आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाराबंकी में पंडित दीन दयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण करते हुए दी।

सीएम योगी ने कहा कि बाराबंकी जिले को राज्य राजधानी क्षेत्र में शामिल किया गया है। एससीआर का गठन हो चुका है। एक ओर अयोध्या व दूसरी ओर राजधानी लखनऊ, ऐसे में बाराबंकी का विकास तेजी से होगा। उन्होंने रामसनेहीघाट में औद्यौगिक क्षेत्र की स्थापना, महादेवा में काशी विश्वनाथ की तर्ज पर कॉरिडोर के निर्माण की बात कहते हुए विकास योजनाएं गिनाई।

बाराबंकी में भारतीय जनसंघ के पूर्व अध्यक्ष और प्रसिद्ध चिंतक पंडित दीन दयाल उपाध्याय की एक भव्य प्रतिमा लगाई गई गई है। सीएम योगी पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती की पूर्व संध्या पर इस प्रतिमा का अनावरण कर रहे थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत प्रदेश के 10 लाख युवाओं को रोजगार देने के लिए पांच लाख रुपये का ऋण दिया जाएगा। उनका ब्याज सरकार देगी। युवाओं को केवल मूलधन वापस करना होगा।

जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि आज से 70 साल पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने जो विचार रखे थे आज वह केवल भारत में ही नहीं पूरे वैश्विक समुदाय में प्रासंगिक हैं। पंडित जी ने जो सपना देखा था उसे मोदी सरकार पूरा कर रही है। आज गांव किसान को सभी राजनीतिक पार्टियों ने अगर अपने एजेंड में शामिल किया गया है तो इसका श्रेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी को जाता है। उन्होंने स्वतंत्र भारत में वकालत की थी कि समाज के अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर भी मुस्कान हो। आज 80 करोड लोगों को मुफ्त राशन, 10 करोड़ लोगों के घर में शौचालय, गरीबों को आवास मिलना इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। इस मौके पर सांस्कृतिक पर्यटन एवं धर्मार्थ कार्य मंत्री जयवीर सिंह, प्रभारी मंत्री सुरेश राही, सतीश शर्मा समेत कई भाजपा नेता व विधायक मौजूद रहे।

Articles